शहरी निकायों को सशक्त, आत्मनिर्भर और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल का जोर

गुरुग्राम 25 नवंबर।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में शहरी स्थानीय निकायों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में नगर पालिकाओं तथा नगर परिषदों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप अधिक सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने, शहरों के सुनियोजित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए वित्तीय सुदृढ़ता, बेहतर प्रशासन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निकायों को केवल सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं तक सीमित न रहकर अच्छे पार्क, आकर्षक चौक, संग्रहालय और ऐसे सार्वजनिक स्थल विकसित करने चाहिए, जहां परिवार समय बिता सकें। इससे शहरों की विशिष्ट पहचान विकसित होगी, नागरिकों का जुड़ाव बढ़ेगा तथा लोग बेहतर सुविधाओं के बदले टैक्स देने के लिए भी प्रेरित होंगे।
अर्बन चैलेंज फंड से शहरी विकास को मिलेगी नई गति
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि की जानकारी रखने तथा उसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत हरियाणा में अगले डेढ़ वर्ष में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट लाने की संभावनाएं हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के शहरों में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिल सकती है।
प्रत्येक नगर निकाय की वार्षिक बैलेंस शीट तैयार करने पर जोर
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने प्रत्येक नगर निकाय की वार्षिक बैलेंस शीट तैयार करने, आय-व्यय का नियमित आकलन करने तथा वित्तीय प्रबंधन को अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सम्मेलन में प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों को अपने-अपने निकायों में लागू करने का आह्वान किया, ताकि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
वित्तीय आत्मनिर्भरता और बेहतर प्रशासन पर हुआ मंथन
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में दिनभर चले विचार-विमर्श में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि स्थानीय निकाय अपने स्तर पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने और उन्हें पूरा करने के लिए किस प्रकार अधिक सक्षम बन सकते हैं।
निकायों की आय के स्रोत बढ़ाने, कर एवं गैर-कर राजस्व का बेहतर उपयोग, उपयोगकर्ता शुल्क, सरकारी अनुदान और अन्य वित्तीय संसाधन जुटाने के विकल्पों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही शहरी प्रशासन में स्वायत्तता और जवाबदेही के बीच संतुलन, नागरिक सुविधाओं की समयबद्ध उपलब्धता, संपत्तियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड, डिजिटल व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और ऑडिट प्रणाली को मजबूत बनाने जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे।
तीन तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव
पहले तकनीकी सत्र में शहरी निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता, राजस्व के नए स्रोत विकसित करने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर चर्चा हुई।
दूसरे सत्र में प्रशासनिक स्वायत्तता एवं जवाबदेही, नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता, संपत्ति मैपिंग, डिजिटलीकरण, लेखांकन और ऑडिट व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेषज्ञों ने सुझाव दिए।
इन सत्रों में प्रधान सचिव अशोक कुमार मीणा और पंकज यादव ने प्रारंभिक विचार रखे। विशेषज्ञों में सुधीर कृष्णा, डॉ. मर्सी एस. सैमुअल, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. देबार्पिता रॉय, प्रो. सुरेंद्र कुमार, डॉ. संदीप ठाकुर, प्रो. कन्हैया आहूजा और श्रेष्ठा सरस्वत शामिल रहे।
तीसरे सत्र में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रो. वी.एन. आलोक ने रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि प्रश्नावली के माध्यम से प्रतिभागियों के विचार और सुझाव लेकर शहरी निकायों की व्यावहारिक चुनौतियों एवं सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने स्थानीय निकायों को अधिक सक्षम, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के साथ हरियाणा के शहरों को आधुनिक, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया।



