मानव रचना यूथ कप फुटबाल टूर्नामेंट में प्रतिद्वंद्वी टीमों को दी करारी मात

ज़ावी क्लब, आल स्टार्स और बेथल अकादमी की धमाकेदार जीत
-ज़ावी क्लब के स्ट्राइकर रियोन पाराशर ने अकेले दम पर किए 17 गोल
-अभिवीर चुघ, निवान, सुवीर, अयांश भी चमके
फरीदाबाद: मानव रचना यूथ कप फुटबाल टूर्नामेंट में ज़ावी फुटबाल क्लब ने डायनमिक फुटबाल क्लब पर अंडर-12 के एक मैच में 19-0 से धमाकेदार जीत दर्ज की। ज़ावी क्लब की तूफानी जीत के नायक बने स्ट्राइकर रियोन पाराशर, जिन्होंने एक के बाद एक 17 गोल किए। यह इस टूर्नामेंट में किसी एक खिलाड़ी द्वारा एक ही मैच में व्यक्तिगत तौर पर किए गए सर्वाधिक गोल हैं। ज़ावी क्लब के लिए आहन्या नासवा और चार्विक दुनेजा ने एक-एक गोल किया।
अंडर-8 के मैच में आल स्टार्स स्पोर्ट्स अकादमी ने डक स्पोर्ट्स अकादमी को 11-0 से शिकस्त दी। निवान ने चार गोल, अव्यांश ने तीन, सूर्यवीर ने दो, रूहान व वेद ने एक-एक गोल किया। अंडर-10 आयु वर्ग के एक मैच में बैथल फुटबाल अकादमी दक्षिण दिल्ली की टीम ने डायनमिक फुटबाल अकादमी को 11-0 से हराया। अभिवीर सिंह ने पांच गोल, मांगमिनलाल चोंगलोई व रिचर्ड मांगमिनलाल बैते ने 2-2 गोल, एबल सरकार ने एक गोल किया।
अंडर-14 आयु वर्ग के एक मैच में आल स्टार्स फुटबाल अकादमी की टीम ने एमआरआईएस-14बी टीम को 10-0 से हराया। सुवीर ने सर्वाधिक चार गोल किए। रेयांश व ज़ायन ने 2-2, कबीर व कनव ने एक-एक गोल किया।
यह बता दें कि इस टूर्नामेंट में दिल्ली एनसीआर की 100 से अधिक टीमें विभिन्न आयु वर्ग के मुकाबलों में भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य स्कूल स्तर पर ही फुटबॉल की किशोर प्रतिभाओं के खेल कौशल को निखारना व उन्हें बड़े मंच पर अपना प्रदर्शन करने का मौका देना है।

Mahesh Gotwal

Mobile No.-91 99535 45781, Email: mgnewsnetwork18@gmail.com, ऑफिस एड्रेस: 5G/34A बसंत बग्गा कांपलेक्स NIT Faridabad 121001

Related Articles

Back to top button