सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएंगे पत्रकार:न्यायाधीश राजेश गर्ग

फरीदाबाद,28 अक्टूबर। सेवानिवृत्त अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मेजर राजेश गर्ग ने बताया कि आइडियल पत्रकार संगठन हरियाणा के महासचिव सुनील कुमार जांगड़ा की टीम के मिशन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर पत्रकारों एवं सामाजिक संगठनों ने जनजागरूकता अभियान चलाने की पहल की है। इस अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-64 में आइडियल पत्रकार एसोसिएशन हरियाणा के कार्यालय पर बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भविष्य की कार्ययोजना तैयार कर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने पर चर्चा की जाएगी।
पलवल में वर्ष 2024 में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्त हुए मेजर राजेश गर्ग ने बताया कि अब वे वकालत के क्षेत्र में सक्रिय हैं और मुख्य रूप से मध्यस्थता, सुलह एवं परामर्श से जुड़े कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कानून के प्रति जागरूकता और नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
मेजर राजेश गर्ग ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए फरीदाबाद में दो से तीन उपयुक्त स्थानों का चयन कर कम से कम 1000 पौधे लगाने की योजना बनाई जा रही है। ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां पौधों की सुरक्षा और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर बड़ा करना भी सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गलियों और सड़कों पर कचरा न फेंकें तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
सड़क सुरक्षा के लिए 3 प्रमुख पहल
मेजर राजेश गर्ग के अनुसार, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत तीन प्रमुख बिंदुओं पर काम किया जाएगा। पहला, छोटे वाहनों, ट्रैक्टरों,ट्रॉलियों और साइकिलों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर रात के समय उनकी दृश्यता बढ़ाई जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
दूसरा, चौराहों पर यातायात नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। विशेष रूप से लाल बत्ती होने पर जबरन चौराहा पार न करने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की जाएगी।
तीसरा,स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। बच्चों को इस अभियान से जोड़कर उन्हें अपने माता-पिता और दादा-दादी को भी हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल और अन्य यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
लापरवाही के कारण जाती हैं अनमोल जानें
मेजर राजेश गर्ग ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हर साल अनेक लोगों की जान चली जाती है। कई दुर्घटनाओं में परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ती है, जबकि जागरूकता और नियमों के पालन से ऐसी घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस मिशन में पत्रकारों के साथ राजनीतिक दलों, सामाजिक कल्याण संगठनों, स्कूलों और समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल किया जाएगा। सभी का साझा उद्देश्य लोगों को कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करना और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों तथा चोटों को कम करना है।
मेजर राजेश गर्ग ने इस पहल से जुड़ने वाले सभी पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा कर्तव्य है।

Mahesh Gotwal

Mobile No.-91 99535 45781, Email: mgnewsnetwork18@gmail.com, ऑफिस एड्रेस: 5G/34A बसंत बग्गा कांपलेक्स NIT Faridabad 121001

Related Articles

Back to top button