बल्लभगढ़ में न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब का भव्य होली मिलन समारोह, राधा–कृष्ण झांकी रही आकर्षण का केंद्र

बल्लभगढ़ स्थित नंद उत्सव वाटिका (अग्रवाल कॉलेज के समीप) में न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब द्वारा होली मिलन समारोह बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। रंगों के इस पावन पर्व पर पत्रकारिता, राजनीति, समाजसेवा, उद्योग और कला जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह को संबोधित करते हुए न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब के प्रधान विनोद वैष्णव ने कहा,
होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है। न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब द्वारा यह होली मिलन समारोह लगातार तीसरी बार आयोजित किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को एक मंच पर जोड़ना है। क्लब आगे भी समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
वहीं क्लब के #कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सुखवारिया ने अपने संबोधन में कहा,पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग, सौहार्द और ऊर्जा को बढ़ाते हैं। होली का यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने की सीख देता है। न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब आर्थिक पारदर्शिता और सामाजिक सरोकारों के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति धनंजय म्यूजिकल ग्रुप द्वारा राधा–कृष्ण की भव्य झांकी रही, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया और पूरे पंडाल को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। झांकी के साथ संगीत और रंगों की छटा ने समारोह को यादगार बना दिया।
होली मिलन समारोह में राजनेताओं के साथ-साथ समाजसेवी, बॉलीवुड कलाकार, अधिकारीगण, पत्रकार एवं उद्योगपतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत क्लब के उपाध्यक्ष कैसी मोहर एवं कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सुखवारिया द्वारा पारंपरिक पटका पहनाकर किया गया। सभी अतिथियों ने क्लब के पत्रकार साथियों को होली की शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सराहना की।
समारोह के दौरान क्लब के सदस्यों ने नृत्य, संगीत और रंग-गुलाल के साथ उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। पूरे आयोजन में भाईचारे, सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश साफ झलकता नजर आया, जिससे न्यूज़ पोर्टल प्रेस क्लब का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।



