जनभागीदारी और सुशासन से साकार होगा विकसित भारत का सपना : राज्य मंत्री राजेश नागर

झज्जर, 17 जुलाई।* जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में शुक्रवार को विकसित भारत-विकसित हरियाणा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का लाइव प्रसारण हुआ, जिसे नागरिकों ने ध्यानपूर्वक सुना।
*इलेक्ट्रिक वाहन से पहुंचे मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य व्यक्ति, पौधारोपण कर दिया हरित विकास का संदेश*
स्वच्छ ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून, डीसी वर्षा खांगवाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथिगण एवं अधिकारियों ने सिंचाई विभाग के विश्राम गृह से इलेक्ट्रिक वाहन के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के उपरांत राज्य मंत्री राजेश नागर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
*डीसी वर्षा खांगवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अतिथियों का स्वागत*
कार्यक्रम के शुभारंभ पर डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्य अतिथि हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। विद्यार्थियों एवं स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति, हरियाणवी लोक संस्कृति तथा विकसित भारत की भावना पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
*प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण*
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जींद से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री ने जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेनसेट परियोजना को हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ 14,700 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
*12 वर्षों में विकास और जनकल्याण को मिली नई गति : राजेश नागर*
मुख्य अतिथि श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के वर्ष रहे हैं। आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और हरियाणा इस विकास यात्रा का सशक्त भागीदार है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में ₹14,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है जिससे प्रदेश के औद्योगिक, रेल, स्वास्थ्य एवं आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। जींद-सोनीपत रेलखंड पर शुरू की गई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेनसेट परियोजना भारत को स्वच्छ, हरित एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में अग्रणी बनाएगी। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य की तकनीक अपनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।
*महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता*
मुख्य अतिथि श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाडो लक्ष्मी योजना जैसी जनकल्याणकारी पहल महिलाओं को आर्थिक सम्मान एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की साझेदार बन रही हैं। इस दौरान मंत्री श्री राजेश नागर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी निशा व शीतल को मकानों की चाबियां भी सौंपी।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अनेक योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ प्रदेश की लाखों महिलाओं तक पहुंच रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार की सोच केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना ही वास्तविक सुशासन है। गरीब, किसान, युवा, महिला, मजदूर एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक विकास यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
*हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा भारत: औमप्रकाश धनखड़*
पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव
औमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश अब केवल विकास की बात नहीं कर रहा, बल्कि ‘विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेनसेट परियोजना इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज भारत सेमीकंडक्टर निर्माण, अंतरिक्ष अनुसंधान, डिजिटल भुगतान प्रणाली (यूपीआई) तथा अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में विश्वभर में अपनी नई पहचान बना रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और देश विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन केवल वर्तमान का विकास नहीं, बल्कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन, परिवार, समाज और राष्ट्र को अगले स्तर तक ले जाने का संकल्प लेना होगा। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक सकारात्मक सोच, नवाचार और आत्मनिर्भरता के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
*कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जताया आभार*
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद किया।
*यह गणमान्य व्यक्ति और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून, जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, हरियाणा हाउसफेड के चेयरमैन सुभाष बंसल, भाजपा जिला प्रभारी हरविंदर कोहली, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश कौशिक, संजय कबलाना, महिला आयोग की सदस्य सुनीता चौहान, नगर परिषद बहादुरगढ़ की चेयरमैन सरोज राठी,
आनंद सागर, मनीष बंसल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, दयाकिशन व प्रवीण जांगड़ा, सोमवती जाखड़ के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल, सीटीएम रीतू, सीएमजीजीए खुशी कौशल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे



