कामधेनु आरोग्य संस्थान में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई

तावडू,03अक्टूबर। कामधेनु आरोग्य संस्थान में शुक्रवार, 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ शुक्रवार को मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. एसपी गुप्ता के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्रह्मदत्त, पीएस केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, तथा मिथलेश शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
मुख्य अतिथि ब्रह्मदत्त ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को आत्मसात करके ही एक बेहतर, समरस और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
संस्थान के संस्थापक डॉ. एसपी गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हमें सत्य, सादगी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्थान की अध्यक्षा शशि गुप्ता, उपाध्यक्षा ऊषा गर्ग, डॉ. विनीत सिंह, कुंदन कुमार, पवन कुमार जादू, संदीप मिश्रा, कमलेश प्रसाद, रामजीत राजवंश, चंदन कुमार, मीनाक्षी कुमारी, राजेंद्र कुमार, रामविश्वास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



