विश्व पर्यावरण दिवस पर SOS चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया ने देशभर में लगाए 5,000 से अधिक पौधे

05 जून 2026: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर SOS चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया ने देशभर में 5,000 से अधिक पौधों के रोपण का अभियान शुरू किया है। इस पहल में बच्चों, देखभालकर्ताओं (केयरगिवर्स), सहकर्मियों और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। यह अभियान इस वर्ष की थीम “Inspired by Nature. For Climate. For Our Future” के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।
यह अभियान देशभर में स्थित SOS चिल्ड्रेन्स विलेजेज की 32 इकाइयों तथा फैमिली स्ट्रेंथनिंग प्रोग्राम (FSP) के विभिन्न केंद्रों में चलाया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु और गुजरात से लेकर असम तक फैले इस अभियान के तहत नीम, मोरिंगा, आम, आंवला, अमरूद, नींबू, कटहल और सीताफल जैसे फलदार, औषधीय, स्थानीय तथा जलवायु-अनुकूल पौधों का रोपण किया जा रहा है।
SOS चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुमंत कर ने कहा, “पर्यावरणीय स्थिरता का बच्चों के कल्याण और समुदायों की मजबूती से सीधा संबंध है। इस वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से हम हरित भविष्य की दिशा में योगदान देने के साथ-साथ बच्चों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा के महत्व से भी अवगत कराना चाहते हैं। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों और एक स्वस्थ पृथ्वी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए SOS इंडिया ने विभिन्न स्थानीय संस्थाओं और सरकारी निकायों के साथ भी साझेदारी की है। शिलांग में स्थानीय हितधारकों के सहयोग से केयरगिवर्स को उनके आवासीय परिसरों में रोपण के लिए पौधे वितरित किए गए हैं। वहीं, लातूर में सबसे अधिक 2,000 से ज्यादा पौधों का रोपण किया जा रहा है।
वृक्षारोपण के अलावा, विभिन्न स्थानों पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विशेष गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। शिलांग में औषधीय एवं जंगली खाद्य प्रजातियों के वृक्षों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि देश के अन्य कई केंद्रों में फलदार और स्थानीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामुदायिक कल्याण में भी योगदान देंगे।

Mahesh Gotwal

Mobile No.-91 99535 45781, Email: mgnewsnetwork18@gmail.com, ऑफिस एड्रेस: 5G/34A बसंत बग्गा कांपलेक्स NIT Faridabad 121001

Related Articles

Back to top button