मंत्री श्री विपुल गोयल ने माता मनसा देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

पंचकूला, 12 अक्तूबर : हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने आज अश्विन नवरात्र के दूसरे दिन माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की और महामायी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
श्री विपुल गोयल ने श्रद्धालुओं में वितरित किया माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड और वीटा द्वारा शुरू किया गया नया प्रसाद
पूजा-अर्चना के उपरांत श्री विपुल गोयल ने माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड और वीटा द्वारा संयुक्त रूप से शुरू की गई नई प्रसाद सुविधा के तहत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और उन्हें नवरात्र के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसाद उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड और वीटा द्वारा यह पहल की गई है। प्रसाद के डिब्बे में पंचमेवा (नारियल, बादाम, अखरोट, काजू और किशमिश), रक्षासूत्र, माता की चुनरी, मिश्री और काजू पिन्नी शामिल हैं। यह प्रसाद धागे के हैंडल वाले आकर्षक कार्टन बॉक्स में उपलब्ध करवाया जा रहा है।
यह प्रसाद वीटा बूथ के साथ-साथ श्राइन बोर्ड द्वारा माता मनसा देवी मंदिर परिसर में स्थापित विशेष काउंटरों पर भी उपलब्ध है। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसाद उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विवेक आर्या, मेयर श्री शाम लाल बंसल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल ,बोर्ड के एसडीओ श्री राकेश पाहुजा, बोर्ड के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Mahesh Gotwal

Mobile No.-91 99535 45781, Email: mgnewsnetwork18@gmail.com, ऑफिस एड्रेस: 5G/34A बसंत बग्गा कांपलेक्स NIT Faridabad 121001

Related Articles

Back to top button