मानव रचना में आयोजित MoSPI-AICTE के स्टैटाथॉन 2025–26 ग्रैंड फिनाले में हरियाणा की टीम नेक्सोरा ने जीता ₹1 लाख का पुरस्कार

*फरीदाबाद, 20 जून 2026:* हरियाणा की टीम नेक्सोरा (Nexora) ने सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI), भारत सरकार द्वारा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) के सहयोग से आयोजित स्टैटाथॉन 2025–26 के ग्रैंड फिनाले में “नेशनल क्लासिफिकेशन ऑफ ऑक्युपेशन (NCO) के लिए AI-सक्षम सिमेंटिक सर्च” चुनौती में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ₹1 लाख की पुरस्कार राशि जीती। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले मानव रचना अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान एवं अध्ययन संस्थान (MRIIRS), फरीदाबाद में आयोजित किया गया।
नेक्सोरा ने पांच राष्ट्रीय चुनौती श्रेणियों में से एक में शीर्ष स्थान हासिल किया। इन चुनौतियों का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा साइंस और उभरती प्रौद्योगिकियों की सहायता से भारत की आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी वास्तविक समस्याओं का समाधान विकसित करना था। समस्या-वक्तव्यों में डेटा सुरक्षा, डेटा प्रसार, सर्वेक्षण स्वचालन, सांख्यिकीय रिपोर्टिंग तथा व्यावसायिक वर्गीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। प्रतियोगिता में अन्य विजेता टीमें तमिलनाडु, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से थीं।
इस वर्ष स्टैटाथॉन को देशभर के विद्यार्थियों से व्यापक प्रतिसाद प्राप्त हुआ और 5,300 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के उपरांत 25 टीमों का चयन 36 घंटे के ग्रैंड फिनाले के लिए किया गया, जहां प्रतिभागियों ने मंत्रालय द्वारा चिन्हित वास्तविक चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत किए।
नेक्सोरा की विजेता चुनौती का उद्देश्य नेशनल क्लासिफिकेशन ऑफ ऑक्युपेशन (NCO) के लिए AI-सक्षम सिमेंटिक सर्च समाधान विकसित करना था, जिससे व्यावसायिक वर्गीकरण से संबंधित जानकारी को अधिक सुलभ, उपयोगी और खोजने में आसान बनाया जा सके। इस उपलब्धि के साथ हरियाणा ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
अन्य विजेता टीमों में एयरावत (Airavata) ने डेटा सिक्योरिटी एवं कंप्लायंस श्रेणी में, क्रिप्टोस (Kryptos) ने डेटा डिसेमिनेशन श्रेणी में, हैकट्रो ट्रिक्स (Hacktro Tricks) ने AI-संचालित स्मार्ट सर्वे टूल चुनौती में तथा आउटलायर कोडर्स (Outlier Coders) ने AI-सक्षम डेटा तैयारी, अनुमान एवं रिपोर्ट लेखन चुनौती में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्री कनीष्क कांत श्रीवास्तव, निदेशक, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI), भारत सरकार, ने कहा, “मंत्रालय द्वारा निर्धारित पांचों समस्या-वक्तव्य आधिकारिक सांख्यिकीय प्रणाली के समक्ष मौजूद वास्तविक चुनौतियों पर आधारित थे। यह देखकर उत्साहवर्धक लगा कि विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान और तकनीकी दक्षता का उपयोग कर व्यावहारिक एवं नवाचारी समाधान विकसित किए। मैं विजेता टीमों को बधाई देता हूं और सभी प्रतिभागियों को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित करता हूं, क्योंकि प्रत्येक अनुभव भविष्य की सफलता और नवाचार की दिशा में योगदान देता है।”
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO), MoSPI के उप महानिदेशक श्री सौम्य चक्रवर्ती ने कहा, “प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित उत्साह, तकनीकी दक्षता और प्रतिबद्धता वास्तव में प्रभावशाली रही। विशेष रूप से यह देखकर प्रसन्नता हुई कि टीमों ने प्राप्त सुझावों को अपनाते हुए अपने समाधानों को लगातार बेहतर बनाया। भले ही कुछ टीमों को ट्रॉफी मिली हो, लेकिन हमारे लिए इस चरण तक पहुंचने वाली हर टीम विजेता है। वास्तविक सांख्यिकीय चुनौतियों के लिए विकसित ये समाधान आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं।”
डॉ. नरेश ग्रोवर, प्रो-वाइस चांसलर, मानव रचना अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान एवं अध्ययन संस्थान (MRIIRS), फरीदाबाद, ने कहा, “पिछले दो दिनों में स्टैटाथॉन 2025–26 ने यह प्रदर्शित किया है कि डेटा एनालिटिक्स और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने की क्षमता वास्तविक चुनौतियों के समाधान में कितनी महत्वपूर्ण है। प्रतिभागियों का उत्साह, रचनात्मकता और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण आज की डेटा-आधारित दुनिया में सांख्यिकीय सोच के बढ़ते महत्व को दर्शाता है। यह केवल एक हैकाथॉन नहीं, बल्कि सरकार, शिक्षाविदों, उद्योग और युवा नवप्रवर्तकों के सहयोग का उत्सव रहा है।”
प्रतिभागियों के समाधानों का मूल्यांकन सरकारी अधिकारियों, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों एवं विषय विशेषज्ञों की जूरी द्वारा नवाचार, तकनीकी व्यवहार्यता, विस्तार क्षमता तथा प्रशासनिक प्रभाव जैसे मानकों पर किया गया।



