भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ गणेश महोत्सव 2026 का शुभारंभ, विधि-विधान से हुई गणपति बप्पा की स्थापना

फरीदाबाद, 15 सितंबर 2026 : हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल जी एवं श्रीमती पल्लवी गोयल जी द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव 2026 का रविवार, 14 सितंबर को फरीदाबाद में भव्य एवं भक्तिमय शुभारंभ हुआ। सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क लॉन एंड बैंक्वेट, फरीदाबाद में आयोजित तीन दिवसीय गणेश महोत्सव के प्रथम दिन आस्था, भक्ति, संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महोत्सव में पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की।
महोत्सव के प्रथम दिन की शुरुआत भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तिमय वातावरण में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को आयोजन स्थल तक लाया गया, जहां पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ गणपति बप्पा की स्थापना संपन्न हुई।
गणपति स्थापना के पश्चात भगवान श्री गणेश की भव्य आरती की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लेकर गणपति बप्पा से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरा पंडाल गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद महोत्सव के सांस्कृतिक एवं भक्ति कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड ने अपनी भक्तिमय एवं ऊर्जावान प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। आधुनिक संगीत और भक्ति के अनूठे संगम ने विशेष रूप से युवाओं को आकर्षित किया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसके उपरांत सुप्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र जी महाराज ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्रभु का गुणगान किया। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। प्रखर एवं साज़ मल्होत्रा ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा और श्रद्धालुओं को भक्ति एवं संगीत से जोड़े रखा।
दिनभर चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद संध्या के समय गणपति बप्पा की भव्य संध्या आरती आयोजित की गई। दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा के जयघोष के बीच हुई आरती ने पूरे आयोजन स्थल को अलौकिक स्वरूप प्रदान किया।
महोत्सव के प्रथम दिन भव्य शिव बारात भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भगवान शिव की बारात की मनमोहक झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शिव बारात के दौरान पूरा आयोजन स्थल ‘हर-हर महादेव’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजता रहा।
इसके पश्चात अथर्व बैंड ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ाया। प्रथम दिवस के प्रमुख आकर्षणों में सुप्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी जी की प्रस्तुति रही। उनके शिव एवं भक्ति गीतों पर पूरा पंडाल झूम उठा और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके साथ भक्ति संगीत का आनंद लिया।
गणेश महोत्सव के प्रथम दिवस पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी जी एवं श्री राजेश नागर जी ने भी पहुंचकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया और अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने गणपति बप्पा के दर्शन एवं पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल जी ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और सामूहिक आस्था का उत्सव है। गणपति बप्पा विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता हैं और यह आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, सकारात्मकता और सेवा का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि 14 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को हमारी संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने महोत्सव में पहुंचे सभी अतिथियों, कलाकारों, श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का हृदय से स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
श्रीमती पल्लवी गोयल जी ने भी गणपति बप्पा के चरणों में नमन करते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं के उत्साह और बड़ी सहभागिता ने गणेश महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया। आयोजन स्थल पर दिनभर भक्ति, संगीत और उल्लास का वातावरण बना रहा। गणपति बप्पा के जयकारों के बीच प्रथम दिवस के कार्यक्रम संपन्न हुए।
गणेश महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में भी विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी तथा देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
गणपति बप्पा मोरया!
मंगलमूर्ति मोरया!

Mahesh Gotwal

Mobile No.-91 99535 45781, Email: mgnewsnetwork18@gmail.com, ऑफिस एड्रेस: 5G/34A बसंत बग्गा कांपलेक्स NIT Faridabad 121001

Related Articles

Back to top button