कामधेनु संस्थान में इजराइल व ईरान युद्ध विराम सहित विश्व शांति के लिए अग्नि देव को आहुति देकर हवन किया

तावडू/फरीदाबाद.01 मार्च। बिस्सर (एन सी आर-हरियाणा) में कामधेनु आरोग्य संस्थान प्रबंधन समिति द्वारा 1 मार्च 2026 को ग्राम बिस्सर स्थित कामधेनु मंदिर एवं के ए डब्ल्यू एस वेलनेस परिसर में महामंत्र साधना, मासिक हवन, निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं होली-मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परम श्रद्धेय मंत्र महर्षि डॉ.श्री योगभूषण जी गुरुदेव** के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं सामूहिक हवन से हुआ। हवन के दौरान इजराइल व ईरान युद्ध विराम सहित विश्व शांति के लिए, जन्मदिवस, पुण्यतिथि, स्वास्थ्य लाभ, स्वर्गवास प्राप्त आत्माओं की शांति तथा होली, राम नवमी एवं सर्वजन स्वास्थ्य लाभ हेतु विशेष आहुतियां अर्पित की गईं।
मंच से डॉ. एस.पी. गुप्ता, आई ए एस (सेवानिवृत) ने **परम श्रद्धेय मंत्र महर्षि डॉ. श्री योगभूषण जी गुरुदेव** का स्वागत करते हुए मंत्र शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने प्रवचन में गुरुदेव ने मंत्र एवं महामंत्र का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि मंत्र मन की रक्षा करता है, जबकि महामंत्र आत्मा की रक्षा कर आध्यात्मिक उन्नति में सहायक होता है।
उन्होंने बताया कि 84 लाख बीज मंत्र होते हैं और प्रत्येक बीज मंत्र अक्षरों से निर्मित होता है। “अक्षर” का अर्थ है जो कभी नष्ट न हो। मनुष्य द्वारा बोले गए शब्द ब्रह्मांड में स्थायी रूप से विद्यमान रहते हैं, इसलिए शब्दों का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए। इस संदर्भ में उन्होंने कहा —शब्द संभाल के बोलिए, शब्द के हाथ न पांव;एक शब्द करे औषधि, एक शब्द करे घाव।”
गुरुदेव ने ‘ॐ’ के सही उच्चारण, मंत्र जप के उचित समय तथा ध्वनि के प्रभाव को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव से मुक्ति और आत्मिक संतुलन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से आध्यात्मिक साधना से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर शशि गुप्ता (संस्थापक) ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रीमती उषा गर्ग, दिनेश गुप्ता, पुरेन्द्र गोयल, आचार्य मनीष शर्मा गौप्रेमी, सुनील जिंदल, राजकुमार गुप्ता,राजबीर शर्मा, श्याम सुंदर गुप्ता, तेजपाल, महावीर वोहरा, पवन जादू, महेन्द्र गोयल एवं मदन लाल जिंदल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन होली-मिलन एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।



