एक अभियान जिंदगी के नाम’ का हेलमेट लंगर 11 अक्टूबर को, जरूरतमंदों को मिलेगा निःशुल्क हेलमेट

फरीदाबाद। आगामी 11 अक्टूबर 2026 को ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ द्वारा आयोजित किए जाने वाले हेलमेट लंगर को लेकर फरीदाबाद सेक्टर-16 में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ के संयोजक राकेश कुमार सुखवारिया के नेतृत्व में हुई, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र शर्मा बबली ने की।
बैठक में आगामी हेलमेट लंगर कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान के संरक्षक अशोक रखेजा ने आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा सदस्यों के समक्ष रखते हुए सभी से सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
बैठक में अरविंद बक्शी, राकेश कुमार मौर्य, रविंद्र पाल सिंह, रिंकू खनकवाल, महेश गोठवाल, मनमोहन शर्मा, पूजा भारद्वाज, माधवी सक्सेना, ज्योति सैनी, विनोद वैष्णव, दीपक शर्मा और राजू बेदी सहित अभियान से जुड़े सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए।
अरविंद बक्शी ने बताया कि 22 सितंबर 2025 को ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ द्वारा हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी अभियान की निरंतरता में आगामी 11 अक्टूबर को हेलमेट लंगर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जरूरतमंद बाइक एवं स्कूटी चालकों को हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
फरीदाबाद, तिगांव, बल्लभगढ़ और NIT क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए पहल
अभियान के संयोजक राकेश कुमार सुखवारिया ने बताया कि हेलमेट लंगर फरीदाबाद, तिगांव, बल्लभगढ़ और NIT क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए आयोजित किया जा रहा है। जिन लोगों को वास्तव में हेलमेट की आवश्यकता है, वे 10 अक्टूबर 2026 से पहले अपना रजिस्ट्रेशन जरूर करवाएं।
उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया केवल WhatsApp के माध्यम से होगी। इच्छुक व्यक्ति को अपना नाम और वाहन नंबर 9821989008 पर WhatsApp करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद संबंधित व्यक्ति को टोकन दिया जाएगा, जिसके माध्यम से 11 अक्टूबर को आयोजित हेलमेट लंगर में हेलमेट प्राप्त किया जा सकेगा।
‘सर है तो घर है, हेलमेट जरूर पहनें’ — पंडित सुरेंद्र शर्मा
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पंडित सुरेंद्र शर्मा बबली ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अपनी जिंदगी और अपने परिवार की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि “सर है तो घर है इसलिए प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को हेलमेट पहनकर ही सड़क पर निकलना चाहिए।
उन्होंने अभियान से जुड़े सभी सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक हेलमेट पहुंचाने की ऐसी पहल समाज के लिए उपयोगी संदेश देती है।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने 11 अक्टूबर के हेलमेट लंगर को सफल बनाने और अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



