पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती एवं राकेश मौर्य के जन्मदिन पर अजरौंदा चौक में निशुल्क हेलमेट वितरण, ट्रैफिक पुलिस का रहा सहयोग

फरीदाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती एवं ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री राकेश मौर्य के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को अजरौंदा चौक पर ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ संस्था की ओर से निशुल्क हेलमेट वितरण एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से बिना हेलमेट बाइक और स्कूटी चला रहे वाहन
को हेलमेट वितरित किए गए।
अभियान के आयोजक राकेश कुमार सुखवारिया ने वाहन चालकों को हेलमेट देते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। उन्होंने जागरूक करते हुए कहा, “सर है तो घर है।” उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य अशोक रखेजा एवं रविंद्र पाल सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने राकेश मौर्य को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और हेलमेट वितरण जैसे सामाजिक कार्य की सराहना की।
प्रवीण चौधरी ने कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ या किसी विशेष अवसर पर लोगों को जागरूक करने और उनकी सुरक्षा के लिए हेलमेट वितरित करना समाजहित का सराहनीय कार्य है। ऐसे प्रयासों से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ती है और किसी की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है।
वहीं राकेश मौर्य ने अपने जन्मदिन पर आयोजित इस अभियान के लिए ‘एक अभियान जिंदगी के नाम’ की टीम का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम ने उनके जन्मदिन को यादगार बना दिया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर केवल उत्सव मनाने के बजाय लोगों की जिंदगी की सुरक्षा के लिए कार्य करना उनके लिए बेहद खास अनुभव है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के दिन अपना जन्मदिन मनाते हुए लोगों को हेलमेट देकर सड़क सुरक्षा का संदेश देना उनके लिए खुशी और संतोष का विषय है। उन्होंने अपने सभी शुभचिंतकों और सहयोगियों का भी धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में प्रवीण चौधरी, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा फरीदाबाद, राकेश मौर्य, जिला महामंत्री ओबीसी मोर्चा, संदीप मावी जिला उपाध्यक्ष, दिगपाल लोधी जिला उपाध्यक्ष तथा रिंकू खानगवाल जिला कार्यकारिणी सदस्य सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।



