पहले ही प्रयास में नीट पास कर अनुराधा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

हीरापुर गांव की रहने वाली अनुराधा ने नीट-यूजी परीक्षा के पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 13 हजारवीं रैंक हासिल कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर शनिवार को एस्सार कॉन्वेंट स्कूल, मोहना में छात्रा के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। अनुराधा ने नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई इसी स्कूल से की है।
समारोह में स्कूल के अध्यक्ष यशपाल अत्री ने अनुराधा को सम्मानित करते हुए कहा कि यह स्कूल और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अनुराधा ने बिना किसी कोचिंग के केवल स्कूल की शिक्षा, अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
अनुराधा ने बताया कि उसने नियमित रूप से प्रतिदिन लगभग 18 घंटे पढ़ाई की। परीक्षा की तैयारी के दौरान कई चुनौतियां आईं, लेकिन माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उसका हौसला बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और सही दिशा में की गई तैयारी ही सफलता की कुंजी है।
अनुराधा के पिता सुंदर वैष्णव ने कहा कि उनकी बेटी की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि अनुराधा ने पूरी लगन और ईमानदारी से तैयारी की, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय बेटी की मेहनत के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के सहयोग को भी दिया। समारोह में स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने अनुराधा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



