संस्थापक दिवस पर स्वर्गीय श्री के.एल. महता जी के आदर्शों को नमन, शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति संकल्प का पुनः उद्घोष

महर्षि दयानंद शिक्षा संस्थान (एम.डी.ई.एस.), के.एल. महता दयानंद महिला महाविद्यालय, फरीदाबाद तथा संस्थान के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में 15 जुलाई 2026 को संस्थापक दिवस श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
समारोह में मानव रचना ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत भल्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. एन.सी. वाधवा, शिक्षा निदेशक, मानव रचना ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस विशिष्ट अतिथि रहे। साथ ही द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित श्री सरकार तलवार, आचार्य ऋषिपाल जी तथा आर्य केंद्रीय सभा के अध्यक्ष श्री देशबंधु जी की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों का एम.डी.ई.एस. के अध्यक्ष डॉ. आनंद महता तथा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनू दुआ ने आत्मीय स्वागत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत भल्ला ने संस्थापक स्वर्गीय श्री के.एल. महता जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा महर्षि दयानंद सरस्वती की नवस्थापित प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल शिक्षण तकनीकों का उद्घाटन भी किया गया।
समारोह के अंतर्गत आयोजित पवित्र हवन-यज्ञ में गणमान्य अतिथियों के साथ डॉ. आनंद महता, डॉ. अनीता कांत, सुश्री शुभ मेहता, पूर्व प्राचार्या डॉ. मंजू दुआ, प्राध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की तथा संस्थान की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के लिए मंगलकामना की।
इस अवसर पर के.एल. महता दयानंद विद्यालयों की कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रशांत भल्ला ने विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ कौशल एवं संसाधन साझाकरण विषय पर विशेष बैठक की, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार, अनुसंधान एवं भविष्य की सहयोगात्मक पहलों पर विचार-विमर्श किया गया।
संस्थापक दिवस समारोह का समापन स्वर्गीय श्री के.एल. महता जी के आदर्शों के प्रति कृतज्ञता एवं उनके द्वारा स्थापित शिक्षा, सेवा, संस्कार और उत्कृष्टता के मूल्यों को आगे बढ़ाने के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।



