स्वदेशी अभियान का जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग संपन्न।

फरीदाबाद, 07 जून 2026। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय “जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वदेशी, स्वावलंबन तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चिंतन एवं संवाद किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रांत संगठक श्री कुलदीप सिंह जी ने “स्वदेशी की विकास यात्रा” विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन करते हुए स्वदेशी आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वर्तमान प्रासंगिकता तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समृद्धि का आधार है।
इसके उपरांत मुख्य वक्ता क्षेत्रीय संयोजक श्री सतेंद्र सौरोत जी ने “स्वदेशी, स्वावलंबन एवं ऊर्जा संकट” विषय पर अपना विचार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा संकट एक गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है, जिसका समाधान स्वदेशी संसाधनों के अधिकतम उपयोग, ऊर्जा संरक्षण तथा आत्मनिर्भरता के मार्ग पर चलकर ही संभव है। उन्होंने स्वदेशी जीवनशैली अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठनात्मक विषयों, कार्यकर्ता विकास, स्वदेशी जागरण मंच की आगामी योजनाओं तथा स्वावलंबी भारत अभियान के उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने जिला स्तर पर स्वदेशी एवं स्वावलंबन के विचार को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विभाग संयोजक श्री सिकंदर सैनी जी, विभाग विचार प्रमुख श्री राजेंद्र शर्मा जी, महानगर समन्वयक श्री मनोज जेटली जी, श्री ओमबीर जी, श्री राहुल डागर एवं श्रीमती लक्ष्मी जी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा स्वदेशी एवं स्वावलंबी भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, समाज जागरण एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। सभी प्रतिभागियों ने स्वदेशी एवं स्वावलंबी भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।



